


इन दिनों पूरा दूल्हा समाज खौफ में है। एक के बाद एक दूल्हे निपटाये जा रहे हैं। कहीं दुल्हन शादी के मंडप से भाग रही है तो कहीं हनीमून पर ले जाकर उसका कत्ल कर रही है। ताजा मामला चौंकाने वाला है, जहां दुल्हन ने सुहागरात के दिन पति को खुश करने की बजाय उसे कूट दिया।
हमीरपुर (उत्तर प्रदेश)
थाना कुरारा क्षेत्र के जल्ला गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। 29 मई को धूमधाम से हुई एक शादी का सुखद सपना कुछ ही घंटों में दुःस्वप्न में बदल गया, जब सुहागरात के दिन दुल्हन ने अपने नए पति को कमरे में बंद कर बुरी तरह पीट डाला। घटना के बाद दूल्हे ने थाने में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित दूल्हा किशन बाबू ने रो-रोकर पुलिस को बताया कि उसकी शादी 29 मई को इमिलिया गांव की निवासी आरती के साथ बड़े हर्षोल्लास से संपन्न हुई थी। अगले दिन 30 मई को बारात लौटने के बाद जब सभी रीति-रिवाज पूरे हो गए, तो वह सुहागरात में अपनी पत्नी के पास पहुंचा। लेकिन आरती ने उसे पास आने देने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।
किशन बाबू के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि आरती ने गुस्से में आकर दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट करने लगी। दुल्हन की पिटाई से दूल्हे के शरीर पर कई चोटें आई हैं। घायल हालत में अगली सुबह वह कुरारा थाने पहुंचा और थानाध्यक्ष पवन पटेल को पूरी घटना की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष पवन पटेल ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। लोग यह जानकर हैरान हैं कि जिस रात को नवविवाहित जोड़े के बीच प्रेम और विश्वास की शुरुआत मानी जाती है, वह रात इतनी हिंसक कैसे हो गई।
दूल्हे के अनुसार, वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है और उसकी शादी परिवार की इच्छा से तय हुई थी। अब वह न्याय की उम्मीद में प्रशासन के दरवाजे पर दस्तक दे रहा है।
जांच के बिंदु:
क्या शादी से पहले लड़की की रज़ामंदी ली गई थी?
क्या दुल्हन किसी और रिश्ते में थी या शादी से असंतुष्ट थी?
क्या यह मामला घरेलू हिंसा की नई परिभाषा बनता जा रहा है?
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। यह मामला समाज में विवाह संबंधों को लेकर उत्पन्न हो रही नई चुनौतियों की ओर भी इशारा करता है।
घटना से जुड़े तथ्य सामने आने पर यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस अप्रत्याशित हिंसा की जड़ में क्या कारण था। फिलहाल, पीड़ित पक्ष न्याय की मांग कर रहा है और पुलिस कार्रवाई की प्रतीक्षा में है।