नकली सीबीआई अफसर बनकर एक करोड़ 30 लाख रुपए लूट के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अभी दो आरोपियों की पुलिस को है तलाश,  लूट की रकम का एक तिहाई भी पुलिस नहीं कर सकी है बरामद

बिलासपुर में नकली सीबीआई अफसर बनकर एक करोड़ 30 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बिलासपुर में हुए इस अजीबोगरीब लूटपाट के मामले में पुलिस पहले ही दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि पुलिस को दो और आरोपियों की अब भी तलाश है। बिल्कुल किसी फिल्मी कहानी की तरह घटित इस घटनाक्रम में धीरे-धीरे पुलिस को सफलता हाथ लग रही है।
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के काली मंदिर माता चौक में रहने वाले पुजारी कृष्ण कुमार मिश्रा के परिचित सकरी निवासी विद्या प्रकाश पांडे ने अपनी जमीन बेचने के बाद उससे हासिल एक करोड़ 30 लाख रुपए और कुछ जरूरी कागजात एक पेटी में बंद कर उनके घर पर रखवाया था। कहते हैं इसकी जानकारी उन दोनों के अलावा किसी और को नहीं थी, लेकिन फिर भी 13 अगस्त को जब कृष्ण कुमार मिश्रा राजनांदगांव गए हुए थे तो इस दौरान घर पर महिलाओं की मौजूदगी में 6 लोग पहुंचे, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल थी। इन लोगों ने खुद को सीबीआई अफसर बताया और घर में मौजूद महिलाओं को खूब डराया धमकाया। फिर नकली दस्तावेज पर उनके हस्ताक्षर लिए और उस पेटी को अपने साथ लेकर चलते बने जिसमें एक करोड़ 30 लॉख रुपए थे। रात में जब कृष्ण कुमार मिश्रा घर लौटे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई फिर उनके पैरों तले जमीन ही खिसक गई। उन्होंने इसकी जानकारी विद्या प्रकाश पांडे को भी दी और दोनों थाने पहुंच गए।


वैसे तो पुलिस को आरंभ में पुजारी पर ही संदेह हुआ लेकिन फिर सीसीटीवी की जांच से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने लगी। इस मामले में पुलिस ने भारतीय नगर एल 3 में रहने वाली रानी बैरागी और तिफरा में रहने वाली सिंधु वैष्णव को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से पुलिस को 30 लाख रुपए हासिल हुए थे। इसी मामले में पुलिस दो और आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाब हुई है । इन दोनों के पास से पुलिस को कल 7 लाख 82,000 रु मिले हैं। पुलिस ने चांटीडीह सरकंडा निवासी टांकेश्वर राजपूत और हर्ष राजपूत को गिरफ्तार किया है। महिला आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस लूटपाट के मामले में दो और फरार आरोपियों की तलाश कर रही है, साथ ही गिरफ्तार आरोपियों की चल अचल संपत्ति कुर्क करवाने की भी कोशिश आरंभ हो गई है। इन लोगों ने कुल 1 करोड़ 30 लाख रुपए की लूट की है, लेकिन अब तक इनके पास से केवल 37 लाख 82 हजार रुपए की ही बरामदगी हुई है यानी एक बड़ी रकम अब भी गायब है। उम्मीद की जा रही है कि यह रकम दो फरार आरोपियों से बरामद हो सकती है, जिनकी सर गर्मी से तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!