सिम्स में सुरक्षा और व्यवस्था सख्त: 150 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, 70 वार्ड इंटरकॉम से जुड़े


बिलासपुर। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सिम्स में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए बड़े बदलाव किए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन ने पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों का बड़ा नेटवर्क स्थापित किया है। पहले जहां अस्पताल में केवल 35 कैमरे लगे थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़ाकर 150 कर दी गई है।
नए कैमरे अस्पताल के आउटर एरिया, वार्ड, गैलरी, किचन, कैंटीन और पार्किंग समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए गए हैं। किचन और कैंटीन में कैमरे लगने से अब मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और सफाई पर भी सीधे नजर रखी जा सकेगी। डीन और चिकित्सा अधीक्षक अपने चेंबर में बैठकर ही लाइव फीड के माध्यम से देख सकेंगे कि भोजन किस तरह तैयार हो रहा है और वहां साफ-सफाई की क्या स्थिति है।
अस्पताल परिसर में रात के समय असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतें भी मिलती रही हैं। अब आउटर एरिया में लगे कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर निगरानी रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि के दिखने पर तुरंत सुरक्षा गार्डों को सतर्क किया जाएगा। इन सभी कैमरों की निगरानी के लिए अस्पताल में आधुनिक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां बड़ी स्क्रीन पर लाइव फीड देखी जा रही है। प्रबंधन का कहना है कि कैमरों की संख्या बढ़ने से अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्था दोनों बेहतर होंगी।
सिम्स में शुरू हुआ इंटरकॉम सिस्टम
सिम्स में संचार व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने करीब 12 लाख रुपये की लागत से पूरे परिसर में इंटरकॉम सिस्टम शुरू कर दिया है। इसके तहत अस्पताल के 70 वार्ड और विभाग आपस में फोन के माध्यम से जुड़ गए हैं।
अब इमरजेंसी सूचना देना, मरीज की जानकारी साझा करना या डॉक्टर को बुलाने का काम एक कॉल के जरिए ही किया जा सकेगा। पहले किसी संदेश के लिए स्टाफ या वार्ड बॉय को भेजना पड़ता था, जिससे समय लगता था।
इंटरकॉम शुरू होने के बाद चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने अपने चेंबर से गायनी, पेइंग, सर्जिकल और इमरजेंसी वार्ड में फोन कर व्यवस्थाओं की जांच भी की। इस दौरान जब उन्होंने कंट्रोल रूम में फोन किया तो वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रभारी को व्यवस्था सुधारने और कंट्रोल रूम में 24 घंटे कर्मचारी तैनात रखने के निर्देश दिए।
डॉ. लखन सिंह ने कहा कि इंटरकॉम व्यवस्था शुरू होने से अस्पताल का कामकाज आसान होगा और मरीजों को सुविधाएं जल्दी उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!