बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम बिटकुली में बारात के दौरान डीजे पर नाचते समय हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामले में एक युवक ने तीन लोगों के साथ मारपीट करते हुए धारदार वस्तु से हमला कर दिया, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मुंगेली जिले के सरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत रमतला निवासी घनश्याम जोगी ने 1 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 अप्रैल को ग्राम बिटकुली में एक बारात के दौरान डीजे पर नाचते समय हाथ लगने की बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान पकलू उर्फ याददास्त बंजारे (19) ने जय जोशी, आयोन जोशी और सुजीत जोशी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा धारदार वस्तु से हमला कर दिया।
घटना में घायल सुजीत जोशी के मेडिकल परीक्षण और बेडहेड टिकट की जांच में चोट गंभीर प्रकृति की पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण में गंभीर धाराएं भी जोड़ दीं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बिल्हा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी पकलू उर्फ याददास्त बंजारे, निवासी बिटकुली, थाना बिल्हा को 25 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
