यूनुस मेमन
बिलासपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने गुरुवार को रतनपुर तहसील के लालपुर हल्का पटवारी को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर निवासी अशोक अग्रवाल ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने करीब एक वर्ष पूर्व अपनी लालपुर स्थित भूमि के नक्शा बंटांकन के लिए तहसीलदार रतनपुर के समक्ष आवेदन दिया था। तहसीलदार द्वारा इस कार्य के लिए संबंधित पटवारी भानु चंद्राकर को निर्देशित किया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि पटवारी भानु चंद्राकर नक्शा बंटांकन का कार्य करने के एवज में 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने एसीबी से कार्रवाई की मांग की।
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। सत्यापन के दौरान बातचीत के बाद आरोपी पटवारी 25 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना तैयार की।
गुरुवार 25 जून 2026 को आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर तहसील कार्यालय रतनपुर बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 25 हजार रुपए आरोपी को दिए, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की पूरी राशि आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली गई।
एसीबी ने आरोपी पटवारी भानु चंद्राकर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। डीएसपी एसीबी बिलासपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।
