शशि मिश्रा

तखतपुर। विकासखंड तखतपुर के ग्राम चितावर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के लिए स्वीकृत नवीन भवन निर्माण की राशि को लेकर ग्राम पंचायत ने अपनी असमर्थता जताई है। पंचायत का कहना है कि वर्तमान निर्माण लागत को देखते हुए स्वीकृत बजट में भवन निर्माण कराना संभव नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चितावर में नवीन भवन निर्माण के लिए 11.84 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति एवं सहमति प्रदान की गई है। शासन की ओर से यह राशि निर्माण कार्य के लिए ग्राम पंचायत एजेंसी को उपलब्ध कराई गई है।

ग्राम पंचायत ने शासन को भेजे पत्र में कहा है कि वर्तमान समय में निर्माण सामग्री और मजदूरी की बढ़ी हुई दरों के कारण 11.84 लाख रुपये की स्वीकृत राशि में गुणवत्तापूर्ण भवन निर्माण कराना संभव नहीं है। पंचायत का कहना है कि यदि वर्तमान बाजार दरों के अनुरूप नया प्राक्कलन तैयार कर राशि में वृद्धि की जाती है, तो वह निर्माण कार्य कराने के लिए तैयार है।
पंचायत ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि स्वीकृत राशि में संशोधन नहीं किया जाता है, तो उक्त निर्माण कार्य किसी अन्य एजेंसी को सौंप दिया जाए। पंचायत ने मौजूदा स्वीकृत बजट में भवन निर्माण कार्य कराने में असमर्थता व्यक्त की है। इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में बच्चे कलेक्ट्रेट पहुंचे और निदान मांगा
इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में स्कूल भवन निर्माण की प्रक्रिया और स्वीकृत राशि की पर्याप्तता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब शासन स्तर पर इस संबंध में क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।
