शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर के राजकिशोर नगर क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मोपका पुलिस सहायता केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर स्थित कल्याण बाग के पीछे रहने वाले अनुराग वस्त्रकार एक निजी बैंक में कार्यरत हैं। वे अपनी मां के साथ निवास करते हैं, जो शासकीय सेवा में पदस्थ हैं। परिवार में गमी होने के कारण मां-बेटे शनिवार को घर में ताला लगाकर रिश्तेदार के यहां चले गए थे।
रविवार दोपहर करीब 2 बजे जब वे वापस लौटे तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोरों ने आलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 5 तोला सोने एवं 6 तोला चांदी के जेवरात के साथ 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
पीड़ित परिवार ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोपका पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
