शशि

जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र में फल्ली बेचकर लौट रहे एक युवक से मोबाइल फोन, नकदी और बाइक की चाबी लूटने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की बची हुई नकदी, बाइक की चाबी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अजय कुमार बारले निवासी बिसनपुर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ 20 जून को अपनी टीवीएस एक्सएल मोटरसाइकिल से फल्ली बेचकर ग्राम जेवरा से बोरसी की ओर लौट रहा था। रास्ते में उसकी बाइक खराब हो गई, जिसे वह ढकेलकर ले जा रहा था।
इसी दौरान शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच नहर किनारे एक पेड़ के पास मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया, दूसरे ने जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया, जबकि तीसरे ने पिछली जेब में रखे 8 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और बाइक की चाबी भी छीनकर ग्राम सेमरिया की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मुलमुला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिरों को सक्रिय किया गया और साइबर तकनीक की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने ग्राम जेवरा निवासी प्राणनाथ केंवट उर्फ गुनवा (23 वर्ष) और राजविंद उर्फ आर्यन यादव (18 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटी गई अधिकांश रकम खर्च कर दी गई है। उनके कब्जे से 1500 रुपये नकद, पीड़ित की बाइक की चाबी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपियों ने यह भी बताया कि लूटा गया मोबाइल फोन लीलागर नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस ने मौके पर तलाश की, लेकिन मोबाइल बरामद नहीं हो सका।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक फुलेश्वर सिंह सिदार, प्रमोद कुमार महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह सहित थाना स्टाफ और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
