
यूनुस मेमन


दुर्ग सांसद और भाजपा चुनाव घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष विजय बघेल गुरुवार को बिलासपुर में संभाग के नेताओं के साथ घोषणा पत्र को लेकर अहम बैठक करने पहुंचे थे। बैठक के पश्चात वे रतनपुर पहुंचे, जहां मां महामाया के दर्शन और पूजा अर्चना की। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में 21 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया, जिसमें विजय बघेल का भी नाम शुमार था। उन्हें पाटन विधानसभा से प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ मैदान में उतर गया है । भूपेश बघेल रिश्ते में उनके काका है ।रतनपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए विजय बघेल ने कहा कि पाटन उनकी कर्मभूमि रही है। यह उनका सौभाग्य है कि पार्टी ने उन्हें एक बड़े संघर्ष के लिए जिम्मेदारी दी है।

उन्होंने इस दायित्व को अपना सौभाग्य बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि वे संभाग के दौरे पर थे और रतनपुर में मां महामाया के दरबार पहुंचकर उन्होंने प्रार्थना की थी कि प्रदेश की अहंकारी सरकार को उखाड़ फेंकने की शक्ति देवी मां उन्हें दे, ताकि इस सरकार का सर्वनाश किया जा सके। इस बीच उन्हें यह शुभ समाचार मिला। इसे वे दैवीय संदेश बता रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पाटन की जनता की बदौलत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पटखनी देने का दावा किया।

