
बनवारी लाल केंवट

नारायणपुर। जिले में पत्रकार रौनक शिवहरे के खिलाफ दर्ज प्रकरण को लेकर पत्रकारों में आक्रोश देखने को मिला। निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सोमवार को जिले के पत्रकारों ने मौन प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया।
अंबेडकर पार्क स्थित कलेक्ट्रेट परिसर के सामने जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार एकत्रित हुए। सभी ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से मौन धरना दिया। इस दौरान पत्रकारों ने हाथों में तख्तियां लेकर मामले की निष्पक्ष जांच और दर्ज प्रकरण को वापस लेने की मांग की।
पत्रकारों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकारों को इस तरह प्रताड़ित किया जाएगा, तो इसका सीधा असर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर पड़ेगा।
मौन प्रदर्शन के बाद पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम नारायणपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकार रौनक शिवहरे और उनके परिवार के खिलाफ दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की गई।
समापन में पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाए और यदि किसी भी स्तर पर गलत कार्रवाई हुई है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
