

बिलासपुर। रेल टिकटों की कालाबाजारी पर कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की क्राइम ब्रांच ने बोदरी स्थित रेलवे पीआरएस काउंटर पर छापा मारकर दो टिकट दलालों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 47 आरक्षित काउंटर टिकट बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.64 लाख रुपए बताई जा रही है।
कार्रवाई हाईकोर्ट आवासीय परिसर, बोदरी स्थित रेलवे पीआरएस केंद्र पर की गई। आरपीएफ को सूचना मिली थी कि प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी संख्या में टिकट बनवाकर अवैध रूप से बेचे जा रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामचरण मन्त्रेवार (34) निवासी अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा और शुभम रजक (26) निवासी तारबहार, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी प्रयागराज निवासी रविंदर कुमार के लिए थोक में टिकट बनवाते थे। टिकट बस या ट्रेन के माध्यम से भेजे जाते थे और प्रति यात्री 200 से 300 रुपए तक कमीशन लिया जाता था। इस तरह टिकटों की कालाबाजारी कर अतिरिक्त लाभ कमाया जा रहा था।
आरपीएफ ने दोनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार टिकट दलालों के नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जाएगी।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट केवल अधिकृत माध्यमों से ही खरीदें और दलालों से दूर रहें, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
