

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया, जब दुल्हन ने अपने पालतू कुत्ते को लात मारने की घटना पर नाराज होकर मंडप से ही बारात लौटा दी। मामला इतना बढ़ा कि बाराती और घराती आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चल गए। कई लोग घायल हुए, सिर फट गए और एक युवक का हाथ टूट गया। अंततः दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया, जबकि दूल्हा फूट-फूटकर रोता रहा।
घटना खागा कोतवाली क्षेत्र के कान्हा गेस्ट हाउस की है।
दो साल का रिश्ता, पहले कर चुके थे शादी

दूल्हा सुमित केसरवानी (25) खागा सर्राफा बाजार का रहने वाला है और ज्वेलरी का कारोबार करता है। दुल्हन तनु केसरवानी प्रयागराज के कटरा क्षेत्र की निवासी है और बीए पास है। दोनों पिछले दो साल से रिश्ते में थे।
सुमित के अनुसार, 18 जनवरी को तनु घर से भागकर उसके पास आई थी। दोनों ने कानपुर में आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली और प्रयागराज में कोर्ट मैरिज के लिए रजिस्ट्रेशन भी कराया। बाद में दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह कराने का निर्णय लिया गया। 18 फरवरी की तारीख तय हुई।
जयमाल के बाद भड़का विवाद
18 फरवरी को प्रयागराज से बारात फतेहपुर के कान्हा गेस्ट हाउस पहुंची। जयमाल की रस्म संपन्न हुई और देर रात विवाह की रस्में चल रही थीं। सुबह करीब 4 बजे मंडप से कुछ दूरी पर बंधा दुल्हन का पालतू कुत्ता “सिक्सर” भौंकने लगा।
आरोप है कि इसी दौरान एक बाराती ने कुत्ते को लात मार दी। यह देखकर दुल्हन भड़क उठी। उसने इसका विरोध किया। देखते ही देखते कहासुनी शुरू हुई और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।

लाठी-डंडे चले, कई घायल
मारपीट इतनी बढ़ी कि कई लोगों के सिर फट गए। दुल्हन की उंगली में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसके भाई ऋषभ का हाथ टूट गया। अन्य कई लोग भी घायल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
दुल्हन पक्ष की एक महिला ने आरोप लगाया कि कुछ बाराती शराब के नशे में थे, जिससे विवाद और बढ़ गया। उनका कहना है कि जिन्होंने मारपीट की, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

दूल्हा रोता रहा, दुल्हन नहीं मानी
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौते का प्रयास किया। दूल्हे सुमित ने बताया कि उसने दुल्हन को मनाने की हर संभव कोशिश की, प्यार की कसमें भी दीं, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं हुई।
दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई, पर सहमति नहीं बन सकी। अंततः शादी रद्द कर दी गई। दुल्हन पक्ष ने लेन-देन में दिए गए जेवर और सामान वापस लौटा दिए।
दूल्हे पर पहले से शादीशुदा होने का आरोप
दुल्हन के भाई ऋषभ ने आरोप लगाया कि सुमित पहले से शादीशुदा था और यह बात उनके परिवार से छिपाई गई। उनका कहना है कि तनु को बहला-फुसलाकर घर से भगाया गया था। हालांकि इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस का बयान
खागा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता हो गया है। किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। लेन-देन वापस करने पर सहमति बनी है।
चर्चा का विषय बना मामला
एक छोटी-सी घटना से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दो साल का रिश्ता और पहले से की गई शादी के बावजूद सामाजिक विवाह टूट गया। कुत्ते “सिक्सर” को लेकर शुरू हुआ विवाद पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह घटना न सिर्फ रिश्तों की नाजुकता, बल्कि विवाह समारोहों में बढ़ते तनाव और आपसी संवाद की कमी को भी उजागर करती है।
