

बिलासपुर।
जिला बिलासपुर के चौकी बेलगहना क्षेत्र में दो दिन से लापता व्यक्ति को पुलिस डॉग ‘विमला’ की मदद से घने जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम डांडबछाली निवासी अरुण सिंह सिदार ने 21 फरवरी को चौकी बेलगहना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके चाचा तरुण सिदार (48 वर्ष) 19 फरवरी की सुबह खेत जाने के लिए ग्राम तुलुफ गए थे, लेकिन रात तक घर नहीं लौटे। 20 फरवरी को परिजनों द्वारा तलाश करने पर पता चला कि घटना वाले दिन उन्हें अपने साथियों—भक्तनारायण, सूरज सिंह, बलराम सिदार और शत्रुघ्न सिदार—के साथ खेत में शराब पीते देखा गया था। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।

परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई, जिस पर पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के निर्देश पर टीम गठित कर सघन खोजबीन शुरू की गई।
तलाश के दौरान घटनास्थल से तरुण सिदार की टोपी और चप्पल बरामद हुई। इसके बाद बिलासपुर से डॉग स्क्वाड बुलाया गया। पुलिस डॉग ‘विमला’ और डॉग हैंडलर मनोज साहू मौके पर पहुंचे। ‘विमला’ ने बरामद वस्तुओं को सूंघकर करीब 10 किलोमीटर तक रास्ता तलाशते हुए पहाड़बछाली के घने जंगलों में तरुण सिदार को अचेत अवस्था में ढूंढ निकाला।
प्रारंभिक उपचार के बाद पूछताछ में तरुण सिदार ने बताया कि अधिक शराब सेवन के कारण वे नशे की हालत में जंगल में भटक गए और दो दिनों से भूखे-प्यासे वहीं पड़े रहे। पुलिस के अनुसार यदि समय पर तलाश नहीं होती तो कोई गंभीर अप्रिय घटना हो सकती थी।
बेलगहना पुलिस ने पुलिस डॉग ‘विमला’ की सराहना करते हुए बताया कि उसकी मदद से पूर्व में भी कई मामलों में सफलता मिली है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस टीम की तत्परता की प्रशंसा की है।
