

मुंगेली, 16 फरवरी 2026।
जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए भोजराम पटेल (भा.पु.से.), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली के निर्देशन में पुलिस ने मोनिका ज्वेलर्स में हुई चोरी का सफल खुलासा कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स के संचालक सतीश कुमार सोनी (58) ने 11 फरवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी को दोपहर लगभग 2 बजे एक युवक सोने का पेंडल (मंगलसूत्र) खरीदने के बहाने दुकान में आया और मौका पाकर 9.05 ग्राम वजनी सोने का पेंडल चोरी कर फरार हो गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 57/2026 धारा 305(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज और नगर के हाईटेक कैमरों की मदद से दो संदिग्ध युवकों की पहचान की गई। फुटेज में दोनों युवक ब्लैक-रेड रंग की बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर नजर आए। एक युवक बाहर बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ग्राम घोरबंधा, थाना लोरमी निवासी श्लोक कुमार पात्रे (22) और विवेक कुमार पात्रे (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने वारदात के समय मोटरसाइकिल (सीजी 28 एस 8197) की नंबर प्लेट निकाल दी थी और चोरी किया गया पेंडल बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखा था।
15 फरवरी को चोरी का माल बेचने की फिराक में घूमते समय दोनों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 9.05 ग्राम सोने का पेंडल (कीमत लगभग ₹85,000) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹1 लाख) जब्त की गई। कुल ₹1.85 लाख का मशरूका बरामद किया गया है।
16 फरवरी को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी साइबर सेल) सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
