नगर निगम बिलासपुर की सामान्य सभा में पानी पर हंगामा, मेयर ने दिए सभी सवालों के जवाब


बिलासपुर। नगर निगम की सामान्य सभा इस बार पेयजल संकट को लेकर सियासी अखाड़ा बन गई। एक घंटे के प्रश्नकाल में कुल 17 सवाल पूछे गए, जिनमें 11 भाजपा और 6 कांग्रेस पार्षदों के थे। सभी सवालों के जवाब मेयर पूजा विधानी ने दिए, लेकिन सदन में असली गरमाहट पानी की टंकियों, टैंकरों की खराब हालत और पाइप लाइन लीकेज को लेकर दिखी।


कांग्रेस का पक्षपात का आरोप
वार्ड 49 के पार्षद सुनील सोनकर ने आरोप लगाया कि जोन 7 के 12 वार्डों में से 9 भाजपा और 3 कांग्रेस के हैं। अधोसंरचना मद से 8 करोड़ रुपए के कार्य मंजूर हुए, लेकिन कांग्रेस के तीनों वार्डों को एक रुपया भी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पेयजल पाइप लाइन नालियों में डूबी है और अब तक शिफ्टिंग नहीं हुई। चेतावनी दी कि हालात नहीं सुधरे तो शहर का हाल इंदौर जैसा हो सकता है।
वार्ड 1 के पार्षद अमित भारते ने बताया कि जोन 1 में 6 वार्ड हैं, लेकिन केवल 5 टैंकर हैं और वे भी खराब पड़े हैं। सुबह भरे गए टैंकर शाम तक लीकेज से खाली हो जाते हैं। इस पर मेयर ने जवाब दिया कि चौबीसों घंटे बोर चलने से मशीनें खराब होंगी ही, मरम्मत की समय-सीमा तय है। जवाब पर विपक्ष भड़क उठा और सदन में तीखी नोकझोंक हुई।
पट्टा, तालाब और टंकी पर भी घमासान
वार्ड 10 के पार्षद पुष्पेंद्र साहू ने कचरा गाड़ियों की कमी और पानी टैंकर नहीं पहुंचने का मुद्दा उठाया। मोपका के पार्षद मोहन श्रीवास ने गरीबों से पट्टा दिलाने के नाम पर 6-7 हजार रुपए वसूली का आरोप लगाया। मेयर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।


भाजपा पार्षद रानी देवांगन ने तालाब सौंदर्यीकरण का मुद्दा उठाया, जबकि पार्षद लक्ष्मी यादव ने कहा कि करीब 2.75 करोड़ रुपए की टंकी और पाइप लाइन बिछने के बावजूद टंकी सूखी पड़ी है।
अमृत मिशन की याद, गर्मी को लेकर चिंता
सदन में अमृत मिशन योजना की विफलता का भी जिक्र हुआ। ठंड के मौसम में दो बार योजना फेल होने से 40 हजार घरों में पानी संकट खड़ा हुआ था। पार्षदों ने आशंका जताई कि गर्मी में तैयारी नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
बिना बहस 15 प्रस्ताव पारित
प्रश्नकाल के बाद 15 एजेंडों पर चर्चा होनी थी, लेकिन कांग्रेस पार्षदों ने बहिष्कार कर बाहर धरना दे दिया। इस बीच सत्ता पक्ष ने बहुमत के आधार पर सभी प्रस्ताव पारित कर दिए।
मेयर पूजा विधानी ने कहा कि गर्मी से पहले पाइप लाइन लीकेज और टैंकरों की मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाएगा। जल विभाग को आवश्यक पार्ट्स उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
14 लाख के टैक्स घोटाले पर भी सवाल
वार्ड 2 की पार्षद सीमा संजय सिंह ने 14 लाख रुपए के टैक्स घोटाले का मुद्दा उठाया। एआरआई रामनारायण देवांगन के निलंबन के अलावा अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने पर सवाल खड़े किए गए। मेयर ने 60 से 90 दिनों में जांच पूरी कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


इस बार प्रोटोकॉल के अनुसार बैठक
पिछली सामान्य सभा में बैठने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद के बाद इस बार प्रोटोकॉल के अनुसार मेयर के बाद एमआईसी सदस्य बंधु मौर्य, केशरी इंगोले, तिलक साहू, श्याम साहू और विजय ताम्रकार की कुर्सियां निर्धारित की गईं।
सामान्य सभा में पानी के मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने दिखे। अब नजर इस बात पर रहेगी कि गर्मी से पहले जल संकट को दूर करने के लिए निगम प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!