राम मंदिर पर हमले की साजिश के आरोपी अब्दुल रहमान की जेल में हत्या, साथी बंदी पर आरोप


फरीदाबाद/अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश के आरोपी अब्दुल रहमान की हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नीमका जिला जेल में हत्या कर दी गई। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। आरोप है कि उसी बैरक में बंद कैदी अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जट ने सोते समय उसके सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी।
जेल प्रशासन के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे हुई, जब अब्दुल रहमान बैरक में सो रहा था। उसी दौरान अरुण चौधरी ने नुकीले पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया। बैरक में मौजूद एक अन्य बंदी सोएब रियाज की आवाज सुनकर नींद खुली, जिसके बाद उसने शोर मचाया। जेल स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक अब्दुल रहमान गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। आरोपी बंदी अरुण चौधरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सोमवार को एनआईटी-3 स्थित ईएसआई मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के तीन सदस्यीय पैनल ने मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव का पोस्टमॉर्टम किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता और चाचा शव को लेकर अयोध्या के मिल्कीपुर के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि अब्दुल रहमान अयोध्या राम मंदिर पर हमले की कथित साजिश के मामले में गिरफ्तार किया गया था और विशेष सेल में अन्य आरोपियों के साथ रखा गया था। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। हत्या के कारणों और सुरक्षा में चूक के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!