

मुंगेली। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने मंगलवार 03 फरवरी 2026 को जिला मुंगेली का प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थाना जरहागांव, सायबर सेल, अपग्रेडेट कंट्रोल रूम, फिंगर प्रिन्ट शाखा एवं थाना सिटी कोतवाली का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आईजी श्री गर्ग ने थाना जरहागांव का औचक निरीक्षण करते हुए रजिस्टरों की जांच की तथा थाना प्रभारी व स्टाफ को निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग, रोजनामचा में स्पष्ट उल्लेख, परिसर की साफ-सफाई, रजिस्टर अद्यतन रखने एवं सीसीटीएनएस व सायबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली में नवनिर्मित प्रशिक्षण भवन का लोकार्पण किया गया। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के संवाद सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर कुंदन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कीर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में आईजी श्री गर्ग ने सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने, अपराध रोकथाम में सायबर तकनीक के अधिक उपयोग, बीट प्रणाली के माध्यम से आम नागरिकों से संवाद, सशक्त एप द्वारा चोरी गए वाहनों की पतासाजी तथा क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया।

क्राइम मीटिंग के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु नियमित गश्त, आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी, रात्रि में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तथा असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गंभीर मामलों में स्वयं विवेचना कर शीघ्र कार्रवाई करने की हिदायत भी दी गई।
आईजी ने सशक्त एप्लीकेशन की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से लावारिस व चोरी हुए वाहनों की पहचान कर शीघ्र बरामदगी संभव है। जिले में सशक्त एप के जरिए 5 मोटरसायकल बरामद होने पर मुंगेली पुलिस की सराहना की गई।
भ्रमण के दौरान सायबर सेल में एनसीसीआरपी पोर्टल की शिकायतों के शीघ्र निराकरण, म्यूल बैंक खातों व फर्जी सिम जारी करने वाले पीओएस एजेंटों पर कार्रवाई, सीईआईआर पोर्टल से गुम मोबाइल रिकवरी तथा स्कूल-कॉलेजों में सायबर जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा थाना सिटी कोतवाली, अपग्रेडेट कंट्रोल रूम एवं हाईटेक कैमरों का निरीक्षण किया गया। फिंगर प्रिन्ट शाखा के उत्कृष्ट कार्य के लिए स्टाफ को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
