बिलासपुर पुलिस का नशे के विरुद्ध करारा प्रहार, तीन अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार, 34 ग्राम हेरोइन बरामद

शशि मिश्रा


बिलासपुर।
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चकरभाठा एवं बबन क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहित हिंदूजा (32 वर्ष), निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 07, करन दीप सिंह (29 वर्ष), निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 12 तथा आर. रजिंदर कुमार (35 वर्ष), निवासी ग्राम खेमकरण, जिला तरनतारन (पंजाब) शामिल हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना चकरभाठा पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर नशेड़ियों को बेचने के उद्देश्य से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हिंरीं माइंस, तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।


पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी करन दीप सिंह दूसरे राज्य से मादक पदार्थ लाकर मोहित हिंदूजा को उपलब्ध कराता था, जबकि वह अपने साथी आर. रजिंदर कुमार के साथ मिलकर इसे ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इसी क्रम में बिलासपुर जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीते तीन दिनों में एनडीपीएस एक्ट के कुल सात प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। इस दौरान पुलिस ने 1300 नशीली टैबलेट, 400 एमएल एविल इंजेक्शन तथा 02 किलोग्राम गांजा जप्त किया है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा। नशा तस्करों और इससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!