सरकंडा पुलिस का फरार बदमाशों पर प्रहार, एक वर्ष से फरार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने एक वर्ष से फरार चल रहे गंभीर अपराध के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी राजेन्द्र उर्फ कारी ध्रुव, जो ब्लेड से हमला कर फरार हो गया था, को पुलिस ने अपोलो चौक से घेराबंदी कर पकड़ा।

घटना 13 मई 2024 की रात करीब 12 बजे की है, जब चिन्मय तिवारी और वैभव पाण्डेय बुलेट मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। राजकिशोर नगर अनाथ आश्रम के पास भोलू वर्मा, तुलसी आवास, अमन सोनकर और राजेन्द्र उर्फ कारी गोड़ ने उनकी बुलेट की आवाज सुनकर जबरन रास्ता रोक लिया।

भोलू वर्मा ने वैभव पाण्डेय से झगड़ा शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने पत्थर फेंककर हमला किया और वैभव को हाथ-मुक्कों से पीटा। इसी बीच, राजेन्द्र उर्फ कारी गोड़ ने ब्लेड से वैभव के गले पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस की कार्रवाई:

घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भोलू वर्मा और अमन सोनकर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। आरोपी राजेन्द्र उर्फ कारी गोड़ फरार चल रहा था, जिसके खिलाफ 2 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंट जारी थे। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर उसकी तलाश जारी थी।

इनाम घोषित था आरोपी पर:

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 5000 रुपये का इनाम घोषित किया था। 3 अप्रैल 2025 को सूचना मिली कि वह अपोलो चौक के पास घूम रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

पुलिस का संदेश:

सरकंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी फरार आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!