
बिलासपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की केंद्रीय प्रबंध समिति की 19 एवं 20 जुलाई को छतरपुर (नई दिल्ली) में आयोजित बैठक में बिलासपुर के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. ललित मखीजा को विश्व हिंदू परिषद, छत्तीसगढ़ का नया प्रांताध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे संगठन में प्रांत उपाध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं।
प्रांताध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद बिलासपुर में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर डॉ. ललित मखीजा ने कहा कि संगठन ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वे शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की सेवा, संस्कार, संगठन और सुरक्षा की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना, धर्म जागरण तथा सेवा गतिविधियों का विस्तार उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी।

स्वागत कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह-कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता, विभाग मंत्री राजीव शर्मा, जिला अध्यक्ष सौमित्र गुप्ता, धर्म जागरण समन्वय के भृगु अवस्थी, भाजपा जिला महामंत्री एस.के. मनहर, राजेश तिवारी, हिंदू जागरण मंच के सौरभ दुबे, अवनेश त्रिपाठी, संजू विरानी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
