शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर के दयालबंद स्थित मधुबन रोड में 28 वर्षीय विवाहिता अदिति मौर्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति रविकांत मौर्य उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने आत्महत्या की बात को खारिज करते हुए पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मामला भाजपा नेता बंधु मौर्य के परिवार से जुड़ा होने के कारण जांच में निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अदिति मौर्य की शादी 10 फरवरी 2019 को रविकांत मौर्य से हुई थी। दंपती की 13 माह की एक बेटी है। रविकांत तिफरा सब्जी मंडी में व्यवसाय करता है। पुलिस को दिए बयान में रविकांत ने बताया कि घटना के समय वह बेटी के साथ ऊपर कमरे में सो रहा था, जबकि अदिति नीचे थी। नीचे पहुंचने पर उसने पत्नी को बेड पर पड़ा पाया। उसका दावा है कि अदिति ने सिल्क की साड़ी से फांसी लगाने का प्रयास किया था और फंदा खुल जाने से वह नीचे गिर गई।
वहीं मृतका के भाई अभिषेक वर्मा ने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि एक सप्ताह पहले अदिति ने पति के मोबाइल में कथित तौर पर मिली चैट का वीडियो बनाकर अपनी बड़ी बहन को भेजा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।
मायके पक्ष का आरोप है कि अदिति के गले, हाथ, पैर और कान पर चोट के निशान थे। उनका कहना है कि जिस स्थान पर फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वहां ऐसे कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले, जिससे आत्महत्या की पुष्टि हो सके। परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर हत्या की आशंका जताई है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना उन्हें ससुराल पक्ष की ओर से नहीं दी गई। अन्य लोगों से जानकारी मिलने के बाद वे बिलासपुर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की।
मृतका के परिजनों का कहना है कि मौत से पहले अदिति ने पति और एक अन्य महिला के बीच हुई कथित बातचीत का वीडियो अपनी बहन को भेजा था। उनका दावा है कि यही विवाद घटना की पृष्ठभूमि में था।
इधर, मामले का संबंध भाजपा नेता बंधु मौर्य के परिवार से होने के कारण शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोगों द्वारा जांच में प्रभाव और लीपापोती की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने ऐसे किसी आरोप की पुष्टि नहीं की है।
मृतका अदिति मौर्या के मायके वालों ने पति रविकांत मौर्य, सास-ससुर, ननद और नंदोई पर गला घोंटकर हत्या करने और मामले को आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई अखिलेश वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वर्ष 2019 में शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अदिति को शारीरिक और मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसकी जानकारी वह अक्सर फोन पर दिया करती थी। परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें अदिति से बात नहीं करने दी जा रही थी और 23 जून को भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके कुछ समय बाद ही उसकी मौत की सूचना दी गई। अस्पताल में जब परिजनों ने शव देखा, तो अदिति की पीठ, हाथ, पैर, ठुड्डी और गले पर गंभीर चोटों के निशान व सूजन देखकर वे स्तब्ध रह गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
