
रायपुर। छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आगामी 31 जुलाई, 1 अगस्त एवं 2 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली वार्षिक जनरल मीटिंग एवं व्यापार प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर मंगलवार को रायपुर स्थित अमुनिया बैंक्वेट हॉल में कार्यकारिणी सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह आयोजन मैरियट होटल के समीप स्थित अमुनिया बैंक्वेट हॉल में प्रस्तावित है।
बैठक में कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और सहभागिता बढ़ाने के संबंध में अपने बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए। साथ ही देश के विभिन्न प्रतिष्ठित व्यवसायियों एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों से प्राप्त मार्गदर्शन, सुझाव और सहयोग की जानकारी भी साझा की गई।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि आगामी व्यापार प्रदर्शनी टेंट, इवेंट एवं संबंधित व्यवसायों से जुड़े उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी, जहां नवीन तकनीकों, उत्पादों और व्यावसायिक अवसरों का आदान-प्रदान किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, इंदरजीत सिंह, गुरदीप सिंह आजमानी, विक्की सलूजा, संदीप बंडी, प्रिंस होरा, हितेश रायचूरा, संकल्प गुप्ता, हितेश वर्मा, शुभम, रविंदर सिंह छाबड़ा, रिंकू भाकरे सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ ने सभी सदस्यों से आयोजन में अधिकाधिक सहभागिता एवं सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन प्रदेश के टेंट एवं इवेंट उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। अंत में उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
