आकाश मिश्रा

मुंगेली, 22 जून 2026। मुंगेली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सरगांव क्षेत्र से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 57 नग नशीली टेबलेट, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 46 हजार 540 रुपये बताई गई है, तथा 4,900 रुपये नकद जब्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा उप पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना सरगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को 21 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगर पंचायत तिराहा, सरगांव बस्ती मोड़ के पास एक व्यक्ति ग्रे रंग के पिट्ठू बैग में नशीली टेबलेट रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में उसने अपना नाम (37 वर्ष) निवासी गोदड़ी चौक, रांची (झारखंड) तथा वर्तमान में ग्राम नुनेरा, जिला कोरबा का निवासी बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से प्रतिबंधित Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) की 57 गोलियां बरामद हुईं। साथ ही उसकी जेब से 4,900 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 22 जून को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन और सेवन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरगांव उप निरीक्षक संतोष शर्मा, सहायक उप निरीक्षक निर्मल घोष तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
