यूनुस मेमन
बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र की एक साध्वी ने नगर पंचायत रतनपुर अध्यक्ष पर दुर्व्यवहार, मानहानि, जान से मारने की धमकी देने तथा अशोभनीय व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। साध्वी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में साध्वी पद्मनीपुरी राठौर ने बताया कि 3 जून 2026 को वह फुलवारीपारा स्थित भयहरण हनुमान मंदिर आश्रम में आयोजित एक मृत्यु भोज कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। उनका आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप वहां पहुंचे और उन्हें संत-महात्माओं के साथ भोजन करने से रोकते हुए कथित रूप से हाथ पकड़कर उठाया तथा उनके साथ दुर्व्यवहार किया। साध्वी का कहना है कि इस घटना से उनकी प्रतिष्ठा और सम्मान को ठेस पहुंची है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि लवकुश कश्यप समय-समय पर आश्रम पहुंचकर उनका विरोध करते हैं, झूठे मामलों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देते हैं। साध्वी ने दावा किया है कि मंदिर और आश्रम से जुड़े विवादों में भी उन्हें प्रताड़ित किया गया है। उन्होंने कुछ संतों और स्थानीय लोगों को इस मामले का प्रत्यक्षदर्शी एवं साक्षी बताया है।
आवेदन में साध्वी ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके धार्मिक आचरण और पूजा-पद्धति को लेकर आपत्तियां जताई जाती हैं तथा उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता है। उन्होंने प्रेमसागर, मारकण्डे और विनोद शर्मा नामक व्यक्तियों पर भी प्रताड़ना में सहयोग करने का आरोप लगाया है।
साध्वी का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी थाना रतनपुर में शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसलिए उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि साध्वी के द्वारा की गई शिकायत पूरी तरह झूठी एवं बे बुनियाद है उसने जबरन मुझे बदनाम करने की नीयत से यह शिकायत किया गया है। पूर्व में भय हरण के महात्मा जी का देहांत हो गया था उनके देहांत के कार्यक्रम में यह साध्वी पहुंची हुई थी वह अन्य लोग भी मौजूद थे उन्होंने उनके देहांत के बाद वहां के महंत जो उनका अंतिम संस्कार किए हैं उनको बनाना चाह रहे थे मगर यह साध्वी वहां के महंत तारकेश्वर पूरी को महंत बनाने का प्रयास कर रही थी इसी कारण से वह मेरे खिलाफ अनर्गल बयान बाजी एवं शिकायत कर रही है,
