
बिलासपुर। शहर में अपराध, चाकूबाजी और गुंडागर्दी पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने सोमवार को सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 85 संदिग्ध और आदतन बदमाशों को हिरासत में लेकर सत्यापन एवं पूछताछ की, जबकि 56 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 25 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित पुलिस टीमों ने चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान उनकी गतिविधियों की जांच की गई और आवश्यक सत्यापन किया गया।

जांच के बाद 56 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 25 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।
अभियान के दौरान चार व्यक्ति अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़े गए। इनके कब्जे से हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, अवैध हथियार रखने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर और अन्य निरोधात्मक प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसे तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
