
बिलासपुर। सोशल मीडिया में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील एवं धमकीपूर्ण संदेश प्रसारित करने तथा झूठी शिकायत दर्ज कराने के मामले में तोरवा पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी युवती को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार तिफरा निवासी संजय रात्रे ने 15 मई 2026 को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील और धमकीपूर्ण संदेश भेजे जा रहे हैं। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
साइबर तकनीकी साक्ष्यों, सोशल मीडिया अकाउंट डिटेल्स और डिजिटल ट्रेल की जांच में पता चला कि फर्जी इंस्टाग्राम आईडी का संचालन शिव मंदिर के पास रहने वाली प्रीति सूर्यवंशी (26) कर रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपिया ने संजय रात्रे के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की तथा उसे बदनाम करने का प्रयास किया।
विवेचना के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। पुलिस को पता चला कि प्रीति सूर्यवंशी ने 1 जनवरी 2026 को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि संजय रात्रे के नाम से संचालित इंस्टाग्राम आईडी से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है और अश्लील फोटो भेजी जा रही हैं। तकनीकी जांच में पाया गया कि जिस आईडी की शिकायत की गई थी, उसका संचालन भी स्वयं प्रीति ही कर रही थी। उसने खुद को संदेश भेजकर उनके स्क्रीनशॉट तैयार किए और उसी आधार पर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संजय रात्रे और प्रीति सूर्यवंशी पूर्व में परिचित थे तथा दोनों के बीच प्रेम संबंध रहे हैं। डिजिटल साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि प्रार्थी के नाम का उपयोग कर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाई गई और उसके माध्यम से भ्रामक परिस्थितियां निर्मित की गईं।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 21 जून 2026 को आरोपिया प्रीति सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में अन्य तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है।
