बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कर्रा में रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए लोहे के जीआई तार में करंट प्रवाहित होने से पहले पत्नी इसकी चपेट में आ गई। उसे बचाने पहुंचे पति भी करंट की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम कर्रा निवासी सचिन चन्द्राकर (45 वर्ष) अपनी पत्नी रजनी चन्द्राकर (32 वर्ष) के साथ घर पर थे। सुबह रजनी घरेलू कार्य निपटाने के बाद आंगन में कपड़े सुखाने पहुंची। आंगन में कपड़े सुखाने के लिए लोहे का जीआई तार बंधा हुआ था। जैसे ही उन्होंने गीले कपड़े उस तार पर डाले, तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गईं और जोर-जोर से छटपटाने लगीं।
पत्नी की चीख-पुकार सुनकर सचिन तत्काल बाहर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने रजनी को पकड़ लिया, जिससे वे भी तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और जमीन पर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा दोनों को तत्काल मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले दिन आए तेज आंधी-तूफान के दौरान बिजली का सर्विस वायर टूटकर नीचे गिर गया था। यह तार अनजाने में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए जीआई तार के संपर्क में आ गया, जिससे पूरे तार में करंट प्रवाहित होने लगा। इसी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा बिजली विभाग से भी तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
