जांजगीर-चांपा। सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर जून में हुई युवक की संदिग्ध मौत को अकलतरा पुलिस ने सड़क हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला बताया है। पुलिस की सघन जांच और पूछताछ में सामने आया कि ट्रक के लेन-देन को लेकर हुए पुराने विवाद के बाद शराब पार्टी के दौरान कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवक की लात-घूंसों से पिटाई कर हत्या कर दी और वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को कार के नीचे डाल दिया।

घटना 24 जून 2026 की है। सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 9060 की घटना में अरविंद सिंह लोधी (26), निवासी सकरी, बिलासपुर की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होने पर अकलतरा पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के निर्देशन में पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच शुरू की। जांच के दौरान परिस्थितियों और पूछताछ से पुलिस को घटना के पीछे हत्या की आशंका हुई।

पूछताछ में टूट गया आरोपी

SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी जय कुमार साहू और चौकी प्रभारी कोटमीसोनार विनोद जाटवर की टीम ने बिलासपुर स्थित दीनदयाल कॉलोनी निवासी हेमंत सिंह ठाकुर (23) से कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का मृतक अरविंद सिंह लोधी से ट्रक के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद था। घटना के दिन शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को हादसा दिखाने के लिए शव को कार के नीचे डालकर एक्सीडेंट का रूप देने का प्रयास किया गया।

जांच में हत्या के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस जोड़ी और पूर्व में दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को हटा दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 10 BP 9060 को जब्त कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर (23), पिता गोविंद सिंह ठाकुर, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक विनोद जाटवर सहित थाना अकलतरा एवं पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार के पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।