बिलासपुर पुलिस की पहल से यात्रियों को मिलेगी चालक और वाहन मालिक की जानकारी, बिना QR कोड वाले ऑटो में सफर नहीं करने की अपील

बिलासपुर। शहर में ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भरोसेमंद बनाने के लिए बिलासपुर पुलिस का QR कोड रजिस्ट्रेशन अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। अभियान के तहत महज 6 दिनों में 8000 से अधिक ऑटो, उनके चालकों और वाहन मालिकों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया गया है। पंजीयन के बाद ऑटो में यातायात पुलिस के सूचनात्मक स्टीकर लगाए जा रहे हैं। जल्द ही जिले में संचालित सभी ऑटो में यूनिक आईडी और QR कोड लगाने की योजना है।

QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी चालक-मालिक की जानकारी

पुलिस की इस पहल के तहत प्रत्येक पंजीकृत ऑटो को अलग यूनिक आईडी और QR कोड जारी किया जाएगा। इसे ऑटो के आगे और पीछे निर्धारित स्थान पर लगाया जाएगा। यात्री QR कोड स्कैन कर ऑटो चालक, वाहन मालिक और वाहन से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यात्री इस जानकारी को अपने परिजनों और परिचितों के साथ भी साझा कर सकेंगे, जिससे उनकी यात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधी जानकारी परिवार तक पहुंच सकेगी।

पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से ऑटो से जुड़ी शिकायतों और विवादों की स्थिति में वाहन की पहचान करना आसान होगा। साथ ही यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल के दौरान अधिक पारदर्शिता और भरोसा मिलेगा।

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर जोर

QR कोड रजिस्ट्रेशन अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से रात के समय और संवेदनशील परिस्थितियों में ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों को चालक और वाहन की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

शहर में महिला ऑटो चालक भी बड़ी संख्या में वाहन संचालित कर रही हैं। QR कोड व्यवस्था से उनकी सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। ऑटो चालकों को किसी विवाद या असुविधा की स्थिति में पुलिस से सहयोग लेने में भी मदद मिलेगी।

तकनीकी जानकारी नहीं रखने वाले चालकों की भी मदद

अभियान के दौरान पुलिस और यातायात विभाग की टीमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों तथा चौक-चौराहों पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करा रही हैं। जिन ऑटो चालकों को एंड्रॉयड फोन चलाने या ऑनलाइन पंजीयन करने में परेशानी होती है, उनकी भी पुलिसकर्मी सहायता कर रहे हैं।

इस अभियान में गणमान्य नागरिकों, युवा एवं नागरिक संगठनों, छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों का सहयोग मिल रहा है। पुलिस के अनुसार, इसी सामूहिक प्रयास से 6 दिनों में 8000 से अधिक ऑटो का पंजीयन पूरा हो सका है।

24 घंटे जारी है पंजीयन अभियान, बिना QR कोड वाले ऑटो से बचने की अपील

बिलासपुर पुलिस के अनुसार, जिले में शत-प्रतिशत ऑटो का पंजीयन पूरा करने के लिए अभियान लगातार 24 घंटे जारी है। जिले में स्थापित 23 पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से भी ऑटो चालकों और आम नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना QR कोड वाले ऑटो में सफर करने से बचें। यात्रा शुरू करने से पहले ऑटो में लगे QR कोड को स्कैन कर चालक और वाहन की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चल रही यह पहल शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।