बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को दयालबंद से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त की शाम मधुबन शराब भट्ठी के पास राजेश टुटेजा के बेटे मोहनीश टुटेजा से किशन यादव और अंकित रजक ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने हाथ, मुक्का और लात से मोहनीश के साथ मारपीट की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने किशन यादव (30), निवासी करबला कुम्हारपारा को 7 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं उसका साथी आरोपी अंकित रजक (22), निवासी मधुबन रोड दयालबंद घटना के बाद से फरार था।
पुलिस ने 15 सितंबर को घेराबंदी कर अंकित रजक को दयालबंद से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।