चकरभाठा थाना क्षेत्र के दाधापारा रेलवे साइडिंग रोड पर मंगलवार रात एक युवक का बुरी तरह कुचला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक का सिर और शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। शुरुआती सूचना में किसी अज्ञात ट्रेलर से कुचलकर मौत होने की आशंका जताई गई, लेकिन घटनास्थल पर कोई वाहन नहीं मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार रात करीब 8:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दाधापारा रेलवे साइडिंग रोड पर एक युवक को अज्ञात ट्रेलर ने कुचल दिया है। डायल 112 और चकरभाठा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान विजय धुरी (32), निवासी ग्राम डढ़हा, वार्ड 10 बोदरी के रूप में हुई। वह खेती-किसानी करता था। परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं।
सुनसान रास्ते पर शव मिलने और मौके पर किसी वाहन के नहीं होने से ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताया है। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि घटना से पहले युवक ने कुछ साथियों के साथ शराब पी थी और उनके बीच विवाद हुआ था। कुछ लोगों ने चोरी के सामान के बंटवारे को लेकर झगड़े की आशंका भी जताई है। हालांकि, इन चर्चाओं की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई या उसकी हत्या की गई।
डॉक्टर के इंतजार में घंटों परेशान रहे परिजन
घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बिल्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे परिजन और ग्रामीण चीरघर पहुंच गए, लेकिन पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। बताया गया कि डॉक्टर कवर्धा से आ रहे थे। इसके चलते परिजनों को कई घंटे इंतजार करना पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि इस दौरान बीएमओ और सीएमएचओ को कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। खराब मौसम के बीच इंतजार करते रहे परिजनों को दोपहर करीब 1:30 बजे डॉ. निकिता के पहुंचने के बाद राहत मिली और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी हो सकी। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर युवक की मौत की असल वजह पता लगाने में जुटी है।