बिलासपुर। रेलवे स्टेशन के सामने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर दो युवकों ने सीताफल बेचने आए ग्रामीण के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। आरोपियों ने पेपर कटर से हमला कर दिया। मामले में तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पेपर कटर भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के पंडरिया निवासी कौशल सिंह (48) अपने साथी लखन सिंह के साथ 15 अक्टूबर को मेमो ट्रेन से सीताफल बेचने बिलासपुर आए थे। दोनों रात करीब 11 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे। रात होने के कारण वे स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास टिकट घर के सामने रुक गए। इसी दौरान आशिक ननहेट (22), निवासी बापू नगर, तोरवा और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे।

पैसे देने से इनकार करने पर दोनों युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पेपर कटर से मारपीट की। घटना की शिकायत पर तारबाहर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर आशिक ननहेट को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल पेपर कटर जब्त किया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।