मस्तूरी | हत्या के प्रयास के मामले में एक साल से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी को मस्तूरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गतौरा निवासी सुमेन्द्र कुमार खाण्डे (43) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले में उसका छोटा भाई शिव खाण्डे पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।

पुलिस के अनुसार, घटना 22 मई 2025 की है। गतौरा निवासी संतोष कांत ने 23 मई को मस्तूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने बेटे शशीकांत (20) के साथ किराना दुकान में था। इस दौरान सुमेन्द्र खाण्डे दुकान पहुंचा और पानी पाउच व राजश्री खरीदने के बाद पैसे नहीं दिए। पैसे मांगने पर उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद वह अपने छोटे भाई शिव खाण्डे के साथ दुकान पहुंचा और शशीकांत को जान से मारने की धमकी देने लगा।

इसी दौरान शिव खाण्डे ने लोहे के पाइप से शशीकांत के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे संतोष कांत, उनकी पत्नी अशोक बाई और भाई संतराम कांत के साथ भी आरोपियों व उनके परिवार के अन्य लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

मामले में पुलिस ने पहले शिव खाण्डे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। घटना में इस्तेमाल लोहे की पट्टीनुमा रॉड भी जब्त की गई थी। वहीं, सुमेन्द्र कुमार खाण्डे घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में घटना में शामिल होना स्वीकार करने पर 17 अक्टूबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।