बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के डोडकी में घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार डोडकी निवासी परमेश्वर जांगड़े (25) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 सितंबर की रात उसने अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी। सुबह मोटरसाइकिल क्रमांक CG10Y 3440 गायब मिली। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर मोटरसाइकिल की तलाश तेज की।

पतासाजी के दौरान पुलिस को उक्त मोटरसाइकिल पर दो युवकों के उडगन फाटक के पास घूमने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने परमेश्वर जांगड़े के घर के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन जोशी (19), निवासी डोडकी और निखिल माण्डले (20), निवासी डोडकी, थाना बिल्हा के रूप में हुई है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शेखर, आरक्षक 1431 अर्जुन जांगड़े और आरक्षक 1390 संतोष मरकाम की अहम भूमिका रही।