ब्लैकमेलिंग और उगाही के लिए फर्जी तस्वीरों के इस्तेमाल का आरोप, रायपुर से पकड़ा गया ‘द हनी बैजर न्यूज’ का संचालक

बिलासपुर। एआई तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और उन्हें आपत्तिजनक व भ्रामक खबरों के साथ न्यूज पोर्टल एवं सोशल मीडिया पर प्रकाशित करने के मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन (46) को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी तस्वीरों और भ्रामक खबरों के जरिए लोगों की सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने तथा ब्लैकमेलिंग और उगाही करने के आरोप हैं।

मामले की शिकायत 29 अक्टूबर को तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, उनकी तस्वीर को एआई तकनीक से बदलकर ‘द हनी बैजर न्यूज’ पोर्टल और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व अपमानजनक शीर्षकों के साथ खबरें प्रकाशित की गई थीं। आरोप है कि यह सब उनकी छवि खराब करने और उन्हें ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से किया गया।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सिरगिट्टी पुलिस को तत्काल अपराध दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने दीपक टंडन, कोमल प्रसाद चौबे और अन्य के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोन्ही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान दीपक टंडन की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल में हनी बैजर पोर्टल से संबंधित सामग्री के अलावा कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप भी मिले हैं।

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोपों के साथ जब्त डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है। कोमल प्रसाद चौबे समेत अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।