10 हजार रुपये लेने के बाद भी नहीं रुका ब्लैकमेलिंग का सिलसिला, पामगढ़ पुलिस ने की कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। नहाते समय युवती का चुपके से अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पामगढ़ पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से 10 हजार रुपये वसूल लिए थे। इसके बावजूद वह लगातार उसे परेशान कर रहा था और पैसे नहीं देने पर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रूपेश भारती ने पीड़िता के नहाते समय चुपके से उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे। इसके बाद उसने इंस्टाग्राम पर इन्हें वायरल करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये की मांग की। बदनामी के डर से पीड़िता ने उसे पैसे दे दिए, लेकिन आरोपी की ब्लैकमेलिंग बंद नहीं हुई। लगातार परेशान किए जाने और धमकियां मिलने से परेशान पीड़िता ने पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 77, 79 और 308(2) के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, आरक्षक भुनेश्वर पटेल और सीताराम सूर्यवंशी का सराहनीय योगदान रहा।