


बिलासपुर, राज्य शासन के निर्देशानुसार सी.एम.दुबे स्नातकोत्तर महाविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में अंतर परिक्षेत्र बैडमिन्टन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. शैलेन्द्र दुबे अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुल सचिव रहे। इस समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने की। कार्यक्रम शासी निकाय के अध्यक्ष पं. संजय दुबे के मार्गदर्शन में शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि शैलेन्द्र दुबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज इस स्टेडियम में छात्र-छात्राओं के बैडमिन्टन के प्रति रूचि देखकर अत्यंत हर्ष हो रहा है। इस महाविद्यालय में खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध है। खेल को खेल भावना से खेलने पर उसकी गरिमा कई गुना बढ़ जाती है। इस अवसर पर शासी निकाय के अध्यक्ष ने समस्त प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस समारोह के अध्यक्ष महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है बल्कि कैरियर बनाने का बेहतर माध्यम बन गया है। महाविद्यालय के छात्र/छात्राएं अनेक प्रकार के खेलों में भाग लेते है एवं विभिन्न खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन करते रहे हैं। अतिथियों ने बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कोर्ट में खेल कर अपना अनुभव प्रतिभागियों के समक्ष रखी तथा प्रत्येक प्रतियभागियों से मिलकर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय सिंह द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. शैलेन्द्र दुबे, कुल सचिव अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। साथ ही अन्य महाविद्यालयों से आए हुए क्रीड़ाधिकारियों द्वारा भी अतिथियों का स्वागत किया गया। इस आयोजन में मुख्य रूप से वरिष्ठ क्रिड़ाधिकारी डॉ. संतोष वाजपेयी, डॉ. प्रमोद तिवारी, डॉ. अजय मिश्रा, डॉ. अजय यादव, आलोक शर्मा सुरेश आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रीड़ाधिकारी डॉ. देवर्षि चौबे, डॉ. पी.एल. चन्द्राकर, डॉ. के.के. शुक्ला, प्रो. विनोद एक्का का सहयोग रहा। निर्णायक शैलजा मिश्रा, राजकमल राय का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा क्रीड़ाधिकारी डॉ. देवर्षि चौबे द्वारा तैयार की गई थी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पी.एल. चन्द्राकर के द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में पुरूषों के 10 टीम तथा महिलाओं के 7 टीम अलग-अलग महाविद्यालयों से सम्मिलित हुए। जिसमें डबल्स एवं सिंगल्स का अलग-अलग समय-सारिणी के अनुसार आयोजन चल रहा है।