

2023 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापसी की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी अलग-अलग अभियान चलाकर मतदाताओं को अपनी ओर खींचने का प्रयास शुरू कर चुकी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा देशभर में बस्ती संपर्क अभियान, हॉस्टल संपर्क अभियान और प्रबुद्ध नागरिक संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिला और मंडल स्तर पर देश भर में बैठकर आयोजित की जा रही है । इसी अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रभारी सतीश मालवीय, छत्तीसगढ़ प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कंडेय और बिलासपुर जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सूर्या रतनपुर पहुंचे ।धार्मिक नगरी रतनपुर पहुंचकर सभी भाजपा नेताओं ने मां महामाया के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की।
इसके बाद रतनपुर में महिलाओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार की योजनाओं से उन्हें अवगत कराते हुए आगामी 11 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित महतारी हुंकार रैली में अधिक से अधिक संख्या में जुटने का आह्वान किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में भूपेश बघेल की सरकार अपराध, भ्रष्टाचार की प्रतीक बन चुकी है जिससे 2023 के चुनाव में उखाड़ फेंकना है और इसका बिगुल 11 नवंबर को महतारी हुंकार रैली में फूंकना है। भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि बिलासपुर में आयोजित महतारी हुंकार रैली में एक लाख से अधिक महिलाएं इकट्ठा होंगी।
