आकाश दत्त मिश्रा

मुंगेली में सामाजिक, धार्मिक और लोक हितकारी कार्यों के लिए समर्पित महिलाओं की संस्था जागृति महिला मंच ने मंगलवार को हाल ही में मुंगेली में पदस्थ कलेक्टर राहुल देव से सौजन्य मुलाकात की। मुंगेली में वृक्षारोपण से लेकर जरूरतमंदों के लिए मेडिकल कैंप आयोजित करने, जरूरतमंदों को भोजन एवं वस्त्र प्रदान करने, प्रतिभा सम्मान समारोह और अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाली महिलाओं की संस्था के सदस्य अध्यक्ष मेघा मिश्रा के नेतृत्व में कलेक्टर से मिले और संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी।

मुंगेली कलेक्टर से मिलने पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कृष्णा दुर्गा बघेल, पूर्व पार्षद प्रमिला चौरसिया, सरिता बाजपेई , ममता ठाकुर, सुधा राजपूत, शीला जायसवाल, कमल श्रीवास्तव और जागृति महिला मंडल की अध्यक्ष मेघा मिश्रा ने उन्हें बुके प्रदान करते हुए सदस्यों और संस्था के संबंध में विस्तार से परिचय दिया। जागृति महिला मंडल द्वारा मुंगेली में चल रहे विकास कार्य ,नव निर्माण कार्य जैसे कला केंद्र, लाइब्रेरी की मुक्त कंठ से सराहना की गई। साथ ही संस्था के सदस्यों ने बताया कि किस तरह से उन्होंने कोरोना काल के द्वारा सीमित संसाधनों के बावजूद लोगों की बढ़-चढ़कर मदद की थी। संस्था के उद्देश्य और कार्यों की जानकारी मिलने पर कलक्टर राहुल देव ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए जागृति महिला मंडल को बधाई और शुभकामनाएं दी। साथ ही भरोसा जताया कि जिला प्रशासन महिला मंडल के साथ मिलकर भविष्य में और भी जनहित के कार्य संचालित करेगा।
कलेक्टर राहुल देव ने अतिरिक्त कलेक्टर तीरथराज अग्रवाल और एसडीएम अमित कुमार के साथ जागृति महिला मंडल के सदस्यों का परिचय कराते हुए जल्द ही जनहित में साथ मिलकर कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। जब कलेक्टर राहुल देव को जानकारी मिली कि नवनिर्मित तहसील कार्यालय में जागृति महिला मंडल द्वारा लोकहित में वाटर कूलर लगाया गया है उन्होंने इसके लिए प्रसन्नता जाहिर की। किया उन्होंने कहा कि जागृति महिला मंडल भविष्य में जिस भी क्षेत्र में कार्य करेगी तो जिला प्रशासन का अमला तालमेल बनाकर उन कार्यों में यथासंभव मदद करेगा। इस दौरान जागृति महिला मंडल के सदस्य कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम में भी शामिल हुए।