
यूनुस मेमन

बिलासपुर जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। रतनपुर और सीपत थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 51 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री की रकम जब्त की है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय तथा संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
रतनपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जोगीअमराई निवासी पुनउ राम पाव (38) अपने घर में महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी के घर के आंगन से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा बिक्री की 120 रुपये की रकम जब्त की। जब्त शराब की कीमत लगभग 1,800 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वहीं सीपत थाना पुलिस ने चेतना विरुद्ध नशा अभियान के तहत ग्राम टेकर और सेलर में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टेकर निवासी अजय वर्मा (24) और सेलर निवासी घासीराम सूर्यवंशी (34) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 42 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 12,600 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
