
रतनपुर। भैरव बाबा मंदिर के पास बुधवार शाम अंगूठी की कीमत को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली मोलभाव की बहस के दौरान तीन युवकों ने एक दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार रतनपुर निवासी नूतन तंबोली भैरव बाबा मंदिर के पास प्रसाद और अंगूठियों की दुकान संचालित करते हैं। बुधवार शाम उनकी दुकान पर तीन युवक पहुंचे और अंगूठियां देखने लगे। एक अंगूठी पसंद आने पर उसकी कीमत को लेकर दुकानदार और युवकों के बीच मोलभाव शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कहासुनी के दौरान आरोपी नवीन कुमार बैसवाड़े ने चाकू निकालकर नूतन तंबोली पर हमला कर दिया।
चाकू लगने से नूतन तंबोली गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद तीनों आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी नवीन कुमार बैसवाड़े को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
रतनपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
