

बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे परिक्षेत्र स्थित बुधवारी बाजार और शनिचरी बाजार में हाल ही में हुई आगजनी की घटना से प्रभावित व्यापारियों और परिवारों से पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमर अग्रवाल ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों का हालचाल जाना और आग से हुए नुकसान की जानकारी ली।
अमर अग्रवाल ने व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना तथा इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आगजनी की घटना से कई परिवारों और व्यापारियों को आर्थिक क्षति पहुंची है, ऐसे समय में सभी को सहयोग और सहायता की आवश्यकता है।

उन्होंने प्रभावितों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताते हुए आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी प्रभावित परिवारों को इस संकट से उबरने की शक्ति मिले और उनका व्यवसाय जल्द से जल्द पुनः स्थापित हो सके।
गौरतलब है कि बुधवारी बाजार और शनिचरी बाजार में हुई आगजनी की घटना में कई दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है, जिससे अनेक व्यापारियों की आजीविका प्रभावित हुई है। अमर अग्रवाल की इस मुलाकात को प्रभावित व्यापारियों के प्रति संवेदना और समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।
