गंदे पानी की सप्लाई को लेकर कांग्रेस का निगम मुख्यालय घेराव, अधिकारियों को दी पानी पीने की चुनौती

बिलासपुर। शहर में बढ़ते पेयजल संकट, गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई तथा टैंकरों की कमी के विरोध में सोमवार शाम शहर कांग्रेस कमेटी ने विकास भवन स्थित नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बोतलों में गंदा पानी लेकर पहुंचे और निगम अधिकारियों को इसे पीकर दिखाने की चुनौती देते हुए 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में करीब 150 कार्यकर्ता निगम मुख्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मटकी फोड़कर विरोध दर्ज कराया और आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि कई क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति भी नहीं हो पा रही है। उनका कहना था कि जरूरत के अनुरूप पानी के टैंकर भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।

सरकंडा क्षेत्र के पूर्व पार्षद राजेश शुक्ला छह बोतलों में कथित रूप से दूषित पानी लेकर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने से क्षेत्र में इसी प्रकार का गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। उन्होंने निगम अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी यह पानी पीकर दिखाए तो उन्हें 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान पहले उपायुक्त प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचे, लेकिन बात नहीं बन सकी। बाद में निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से चर्चा कर उनकी मांगों से संबंधित दस्तावेज लेकर कार्यालय के भीतर वार्ता के लिए गए।

इस प्रदर्शन में विधायक शैलेष पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप, पार्षद शहजादी कुरैशी, रामा बघेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं में हुई कहासुनी

विकास भवन के बाहर प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप और स्वप्निल शुक्ला के बीच कुछ देर के लिए कहासुनी की स्थिति भी बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंच संचालन और नेताओं की मौजूदगी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, हालांकि अन्य नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।

समस्या का समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है, लेकिन वर्तमान में लोग गंदा और बदबूदार पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई वार्डों में पानी नहीं पहुंच रहा है और जहां पहुंच रहा है, वहां उसकी गुणवत्ता खराब है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!