
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। राम गोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से 29 अप्रैल 2026 को रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई, जिसमें विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक में शशि मोहन सिंह (रायगढ़), भोजराम पटेल (मुंगेली), मनोज खिलारी (गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही), सिद्धार्थ तिवारी (कोरबा), प्रफुल्ल ठाकुर (सक्ती), आंजनेय वार्ष्णेय (सारंगढ़-बिलाईगढ़), निवेदिता पॉल (जांजगीर-चांपा), मधुलिका सिंह तथा विवेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान IG गर्ग ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्पष्ट निर्देश जारी किए—
सुशासन तिहार पर विशेष जोर
राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले ‘सुशासन तिहार’ के दौरान प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
रेंज में लंबित 2374 मर्ग प्रकरणों, विशेषकर वर्ष 2024 के पूर्व के मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। हत्या के मामलों में डीएनए जांच और एफएसएल रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त करने पर भी जोर दिया गया।
पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में सुधार
नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन सत्यापन पूरा करने और अनावश्यक रूप से आवेदकों को थाने बुलाने की प्रक्रिया समाप्त करने को कहा गया।
सुरक्षा और समन्वय पर बल
खनन क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों की नियमित मुसाफिरी दर्ज करने, हाईवे पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने तथा बाहरी राज्यों में जाने वाली पुलिस टीमों द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को समयबद्ध एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
