डॉ सीवी रमन विश्वविद्यालय लापता छात्र मामला, रैगिंग की झूठी अफवाह फैलाकर 19 हजार वसूले, छात्र के परिजनों पर मामला दर्ज


बिलासपुर/कोटा।
कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन यूनिवर्सिटी को बदनाम करने के आरोप में एक गुमशुदा छात्र के परिजनों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोप है कि परिजनों ने रैगिंग और अपहरण जैसी झूठी अफवाहें फैलाकर न केवल विश्वविद्यालय की छवि धूमिल की, बल्कि प्रबंधन को धमकाकर 19 हजार रुपये भी वसूल लिए।
पुलिस के अनुसार, फार्मेसी विभाग के प्राचार्य डॉ. साकेत सिंह चंदेल की शिकायत पर छात्र रोहित कुमार के पिता अमरेन्द्र कुमार, चाचा निखिल कुमार और अन्य के खिलाफ उगाही समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
6 मार्च से लापता था छात्र
यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि छात्र रोहित कुमार 6 मार्च को बिना सूचना हॉस्टल से चला गया था। उसी रात कोटा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई और बिहार निवासी परिजनों को सूचित किया गया।
अगले दिन परिजन विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सहयोग करने के बजाय हंगामा किया। आरोप है कि उन्होंने परिसर में भ्रामक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए, जिनमें रैगिंग और किडनैपिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। जांच में ये आरोप निराधार पाए गए।
ऑनलाइन जुए की लत से जुड़ा मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि लापता छात्र ऑनलाइन जुए की लत का शिकार था और उसने कई लोगों से उधार ले रखा था। कर्ज के दबाव में वह खुद ही कहीं चला गया था।
धमकी देकर वसूली का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 16 मार्च को आरोपी कुलसचिव कार्यालय में घुस गए और अधिकारियों व महिला शिक्षकों से दुर्व्यवहार किया। उन्होंने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो विश्वविद्यालय पर झूठा केस दर्ज करा देंगे। बदनामी के डर से प्रबंधन ने 19 मार्च को 5,000 रुपये नकद और 8 अप्रैल को 14,000 रुपये खाते में ट्रांसफर किए।
महिला छात्राओं पर भी लगाए आरोप
परिजनों ने बिना आधार के कुछ छात्राओं के नाम भी सोशल मीडिया पर घसीटे, जिससे उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का सख्त रुख
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस ने प्रयास कर छात्र को डेढ़ महीने में सुरक्षित वापस लाया, लेकिन परिजनों ने लगातार निराधार आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस दौरान कई छात्राओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं, जिस पर भी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि “इस तरह का गैरजिम्मेदाराना व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!