अरपा दाई की संध्या आरती का 77वां सप्ताह पूर्ण, स्वच्छता व संरक्षण का संकल्प दोहराया गया


बिलासपुर। शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली अरपा नदी के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर चल रहा जन-अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। इसी कड़ी में टीम मानवता बिलासपुर द्वारा आयोजित ‘अरपा दाई की संध्या आरती’ का 77वां सप्ताह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ‘बैसाख शुक्ल 12’ के अवसर पर पुराने अरपा पुल के तट पर भव्य आरती और दीपदान का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों में नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आस्था को स्वच्छता से जोड़ना रहा। आयोजकों ने स्पष्ट संदेश दिया कि अरपा दाई को श्रद्धा और सम्मान मिलना चाहिए, न कि कचरा और प्रदूषण।


जन-जागरूकता और सहभागिता पर जोर
अभियान के तहत नागरिकों से अपील की गई कि वे न केवल अरपा नदी, बल्कि आसपास के अन्य जल स्रोतों में भी कचरा न डालें। यह पहल पूरी तरह से जनभागीदारी पर आधारित है, जिसमें हर वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। प्रत्येक मंगलवार शाम 6 बजे पुराने अरपा पुल के पास आरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें कोई भी नागरिक शामिल हो सकता है।


77 सप्ताह से निरंतर प्रयास
04 नवंबर 2024 से शुरू हुआ यह अभियान पिछले 77 सप्ताह से निरंतर जारी है। आयोजकों के अनुसार, यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि नदी संरक्षण को लेकर एक सामाजिक जागरूकता आंदोलन बन चुका है।
आयोजकों ने कहा कि अरपा नदी शहर के लिए जीवनदायिनी है और यदि समय रहते जल स्रोतों की रक्षा नहीं की गई, तो भविष्य में जल संकट गंभीर रूप ले सकता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर अरपा को स्वच्छ और संरक्षित रखने में सहयोग करें।
आज के आयोजन में महेश उपाध्याय, अभिषेक ठाकुर, नितेश यादव, अमन दीक्षित, आदर्श शर्मा, अभिनव सैनी, साक्षी दुबे, अभियान ठाकुर और अभिषेक शर्मा सहित कई नागरिकों की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!