

मुंगेली, 28 अप्रैल 2026। धान खरीदी केंद्र में लाखों रुपये की आर्थिक अनियमितता के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्र प्रभारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा सरगांव में पदस्थ मोहर दास आर्य ने थाना पथरिया में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2025-26 के धान खरीदी सत्र के दौरान धान उपार्जन केंद्र धरदेई (पंजीयन क्रमांक 2831) में केंद्र प्रभारी के रूप में कार्तिक राम ध्रुव तथा सहयोगी कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में संदीप दुबे की नियुक्ति की गई थी।
कार्यालय कलेक्टर सहकारिता शाखा मुंगेली द्वारा गठित जांच टीम ने संयुक्त जांच के दौरान केंद्र में 2156.08 क्विंटल धान की कमी पाई। जांच में सामने आया कि धान की कमी का कुल मूल्य लगभग 66 लाख 83 हजार 848 रुपये है। आरोप है कि केंद्र प्रभारी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए धान खरीदी कार्य में लापरवाही और कूटरचित तरीके से हेराफेरी कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई। साथ ही रिकॉर्ड में हेरफेर और जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही भी सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 87/26 धारा 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने प्रकरण की जांच तेज की।
जांच के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 26 अप्रैल 2026 को मुखबिर और तकनीकी सहायता से आरोपी कार्तिक राम ध्रुव (53 वर्ष), निवासी झुलनाकला, थाना पथरिया को नांदघाट, जिला बेमेतरा से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर पुलिस ने धान खरीदी रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जब्त किए।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 27 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना पथरिया प्रभारी उपनिरीक्षक गिरजाशंकर गोस्वामी, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, सहायक उपनिरीक्षक नरेश साहू तथा आरक्षक राहुल यादव, राकेश बंजारे और हलिश गेंदले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
