नाबालिग अपहरण व दुष्कर्म मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, ₹5000 का इनामी वारंटी दबोचा


मुंगेली, 27 अप्रैल 2026।
जिले में स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जरहागांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नाबालिग अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹5000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में स्थायी वारंटियों की तामील सुनिश्चित करने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना जरहागांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 176/2024 के तहत धारा 137(2), 65(1) बीएनएस एवं 4, 6 पाक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। घटना 26 सितंबर 2024 की है, जब ग्राम छोटे बरेला निवासी प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति बिना अनुमति के भगा ले गया है।
विवेचना के दौरान पीड़िता एवं परिजनों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रूपेश उर्फ पप्पू निर्मलकर द्वारा शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाना तथा हैदराबाद में दुष्कर्म करना सामने आया। मामले में मेडिकल परीक्षण सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की गई थी।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध माननीय सत्र न्यायालय मुंगेली के प्रकरण क्रमांक 20/2025 में स्थायी वारंट जारी किया गया था तथा गिरफ्तारी के लिए ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।
दिनांक 26 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने ग्राम टिकरीपारा, तखतपुर जिला बिलासपुर में दबिश देकर आरोपी रूपेश निर्मलकर उर्फ पप्पू (उम्र 22 वर्ष) को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल किया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शोभा यादव, थाना प्रभारी जरहागांव, आरक्षक उमेश सोनवानी, आरक्षक रोहित पटेल एवं थाना जरहागांव स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!