तारबाहर अंडरब्रिज का काम अधूरा, 30 अप्रैल तक खोलने के निर्देश; क्यूरिंग अधूरी रहने से सड़क खराब होने की आशंका


बिलासपुर। शहर के तारबाहर अंडरब्रिज में चल रहे कंक्रीटीकरण कार्य में देरी और तकनीकी मानकों की अनदेखी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। निर्धारित 15 दिनों में पूरा होने वाला कार्य 24 दिन बाद भी अधूरा है, जिसके चलते आम नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। बढ़ते दबाव और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद रेलवे प्रशासन ने ठेकेदार को 30 अप्रैल तक हर हाल में मार्ग चालू करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, अंडरब्रिज के विस्तार वाले हिस्से में कंक्रीट डाले अभी लगभग एक सप्ताह ही हुआ है, जबकि तकनीकी मानकों के मुताबिक कंक्रीट सड़क की मजबूती के लिए कम से कम 21 दिनों तक क्यूरिंग (तराई) आवश्यक होती है। स्थानीय निरीक्षण में यह सामने आया है कि क्यूरिंग के लिए लगाए गए बोरों में पर्याप्त पानी नहीं डाला जा रहा है। ऐसे में समय से पहले मार्ग खोलने पर सड़क के दोबारा खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
इस बीच रेलवे अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में अंडरब्रिज के भीतर रंग-रोगन और फ्लोरिंग का काम तेजी से किया जा रहा है।
डार्क पेंटिंग से बढ़ सकती है परेशानी
अंडरब्रिज के अंदर सौंदर्यीकरण के तहत दीवारों पर गहरे रंग से आकाश और ग्रहों की थीम पर पेंटिंग की जा रही है। पहले यहां सफेद रंग किया गया था, जिससे कम रोशनी में भी आवागमन आसान रहता था। अब गहरे रंग के कारण अंदर रोशनी कम प्रतीत होने से यात्रियों को असुविधा हो सकती है।
सुरक्षा के लिए पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे
अंडरब्रिज के दोनों प्रवेश द्वारों पर लगभग 10 फीट तक सीमेंट के पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। निर्माण एजेंसी के अनुसार, इसका उद्देश्य बारिश के दौरान ढलान पर होने वाली फिसलन को रोकना है। पूर्व में यहां वाहनों के फिसलने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
पहले भी दो साल में उखड़ चुकी है सड़क
गौरतलब है कि पुराने अंडरब्रिज की सड़क जहां सुरक्षित थी, वहीं मार्च 2024 में बने विस्तार हिस्से की कंक्रीट सड़क दो वर्ष के भीतर ही उखड़ गई थी। वहां जल रिसाव और धूल की समस्या भी सामने आई थी। इसी सुधार कार्य के लिए 1 अप्रैल से अंडरब्रिज को बंद किया गया था, हालांकि शुरुआती 10 दिनों तक कार्य शुरू नहीं हो सका था। वर्तमान में दोनों ओर का आधा हिस्सा ही कंक्रीट किया जा सका है।
सीनियर डीसीएम बिलासपुर मंडल अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि अंडरब्रिज में नए सिरे से कंक्रीटीकरण कराया जा रहा है। क्यूरिंग के लिए आवश्यक समय देने के निर्देश दिए गए हैं और साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कार्य समय पर पूर्ण हो, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!