
शशि मिश्रा

सेतगंगा। मुंगेली-फास्टरपुर राष्ट्रीय मार्ग पर ग्राम सिल्ली के पास बुधवार रात्रि लगभग 8 बजे भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। पंडरिया से मुंगेली की ओर आ रही तेज रफ्तार से स्विफ्ट और मुंगेली से पंडरिया की ओर जा रही पिकअप के बीच टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत बहुत ही गंभीर बताई जा रही है। बताया जाता है कि, दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि, टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद घायल युवकों को बाहर निकाले तत्पश्चात हादसे की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी और 112 को डायल कर दुर्घटना के संदर्भ में जानकारी दी। सूचना पर 112 और फास्टरपुर सेतगंगा पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मुंगेली अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि, घटना को स्विफ्ट कार की तेज रफ्तार को घटना का मुख्य वजह माना जा रहा है। फास्टरपुर सेतगंगा थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने मामले की विवेचना में जुट गई है।
